राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राज्य दिवस पर सिक्किमवासियों को दी बधाई

गंगटोक, 16 मई (हि.स.)। सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने 46वें राज्य दिवस के अवसर पर सिक्किम के लोगों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। आज ही के दिन वर्ष 1975 में सिक्किम भारतीय संघ के 22वें राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। 

राज्यपाल गंगा प्रसाद ने अपने संदेश में कहा है, ‘यह दिन हमें सिक्किम के भारतीय संघ के 22वें राज्य के रूप में विलय की याद दिलाता है। मुझे गर्व है कि सिक्किम ने हमेशा देश के विकास और प्रगति के लिए काम किया है। प्रदेश के जैविक अभियान ने वैश्विक स्तर पर देश का मान बढ़ाने में अमूल्य योगदान दिया है। हिमालय की गोद में बसा और अपने शांत वातावरण और सुंदरता से भरपूर, सिक्किम एक पर्यटक आकर्षण का केंद्र रहा है। सिक्किम के लोगों के दिलों में देश के लिए जो प्यार भरा है वह काबिले तारीफ है।’

उन्होंने आगे कहा है, ‘केंद्र सरकार के सहयोग से सिक्किम राज्य एक आत्मनिर्भर समाज, महिला सशक्तिकरण और लोक कल्याण की दिशा में काम करने के अपने अभियान में प्रतिबद्ध है।’ वहीं, राज्यपाल ने उन सभी अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया है जो इस महामारी की घड़ी में अथक और लगन से काम कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश “दवाई भी कड़ाई भी” का पालन करने और इस महामारी से लड़ने के लिए राज्य सरकार का समर्थन करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने अपने संदेश में कहा है, ’46वें राज्य दिवस के इस ऐतिहासिक अवसर पर मैं सिक्किम के लोगों को हार्दिक बधाई देता हूं। आज वह दिन है, जब सिक्किम भारतीय लोकतंत्र की मुख्यधारा में शामिल हुआ तथा एकता और विकास के लिए एक नए युग का मार्ग प्रशस्त किया। विलय के बाद के वर्षों में सिक्किम ने विकास और प्रगति के एक आदर्श के रूप में वैश्विक पहचान हासिल की है।’ उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्रियों को भी याद किया है, जिन्होंने सिक्किम राज्य को आकार देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। 

उन्होंने कहा है, ‘कोविड-19 की दूसरी लहर ने सरकार और लोगों के कामकाज में बाधा उत्पन्न की है। हालांकि, राज्य सरकार ने महामारी से उत्पन्न चुनौतियों को दूर करने के लिए अथक प्रयास किया है। गंभीरता के बावजूद, सभी विकास गतिविधियों को अत्यंत उत्साह और बिना किसी रुकावट के किया गया है।’ उन्होंने अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं का तहे दिल से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है, जो पिछले चौदह महीनों से लोगों को कोरोना वायरस से बचाने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार सिक्किम में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं के साथ-साथ एक मजबूत स्वास्थ्य सेवा अवसंरचना प्रदान करने के अपने संकल्प में दृढ़ है। इस महामारी का सामना करने के लिए संसाधनों के आवंटन में आमूल-चूल परिवर्तन और अभूतपूर्व वृद्धि की गयी है। 

मुख्यमंत्री तमांग ने अपने संदेश में कहा है, ‘सिक्किम केंद्र सरकार के साथ तालमेल रखकर काम कर रहा है ताकि प्रगति और समृद्धि की तरफ और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सके। इन लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त करने के लिए बहुत कुछ करने की आवश्यकता है। एकता और सामूहिक जिम्मेदारी पर आधारित लोगों और राज्य के पदाधिकारियों के सहयोग और निरंतर समर्थन से ही हम इन लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं।’ उन्होंने बेहतर सिक्किम के निर्माण के लिए खुद को फिर से समर्पित करने और समग्र विकास की प्रक्रिया में योगदान देने की अपील की है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *